मोतिहारी से चलकर आनंद विहार टर्मिनल और दरभंगा से चलकर गोमतीनगर जाने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेनें अपने निर्धारित समय से गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची।
दोनों ट्रेनों के पहुंचने पर यात्रियों को फूल देकर स्टेशन डायरेक्टर रतनदीप गुप्ता, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रितिका के साथ अन्य अधिकारियों ने ट्रेन के चालक, टीटीई और गार्ड के साथ यात्रियों को फूल देकर स्वागत किया। इस दौरान इन नई ट्रेन को लेकर यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।
स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों ने ट्रेन के साथ सेल्फी ली और इस क्षण को अपने मोबाइल में कैद किया। इस ट्रेन से आए यात्रियों ने कहा कि इस ट्रेन में सफर कर ऐसा लगा मानो वंदे भारत में सफर कर रहे हैं।
ट्रेन देखने में बहुत ही आकर्षक है। ट्रेन के कोच का रंग बहुत ही अलग है। बाहर से देखने में ट्रेन वंदे भारत की तरह दिख रहा है। ट्रेन की सीट बहुत ही आरामदायक है:
तुलसी गुप्ता, यात्री
दिल्ली जाने के लिए यह ट्रेन बहुत अच्छा विकल्प है। बहुत बेहतरीन ट्रेन है। कोच के साथ ही शौचालय भी आधुनिक है। स्लीपर कोच भी एसी कोच की तरह लग रहे हैं:
सतीश राजपूत, यात्री