गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से संचालित खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना में विभिन्न श्रेणी के भूखंडों के लिए बृहस्पतिवार से पंजीकरण शुरू हो जाएगा। यह प्रक्रिया 12 जुलाई तक चलेगी। 15 जुलाई को ई नीलामी की जाएगी। प्राधिकरण उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने लोगों से अपील किया कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और टाउनशिप में उपलब्ध भूखंड के लिए पंजीकरण कराएं।
प्राधिकरण के सचिव उदय प्रताप सिंह ने बताया कि खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना में विभिन्न तिथियों में भूखंड के लिए पंजीकरण खोला गया था। प्रथम चरण 21 जनवरी से 22 फरवरी तक, दूसरा चरण 23 फरवरी से 18 मार्च तक, तीसरा चरण 19 मार्च से 23 अप्रैल तक और चौथा चरण 17 मई से छह जून तक चला था। इस दौरान क्लीनिक लेन के 10, हॉस्पिटल लेन के 14, डायग्नेस्टिक लैब के एक, वर्किंग वूमेन हॉस्टल एक और वर्किंग मेन हॉस्टल एक कुल 27 भूखंड आवंटित किए गए। पंजीकरण विवरण पुस्तिका 1000 रुपये में आनलाइन वेबसाइट से डाउनलोड की जा सकती है।
खाली हैं 145 भूखंड
वर्तमान में टाउनशिप में 145 भूखंड खाली पड़े हैं जिनमें क्लीनिक लेन के 36, हॉस्पिटल 57, डायग्नेस्टिक लैब के 11, कामर्शियल 32, ग्रुप हाउसिंग के छह, स्पेशल एजुकेशन इंस्टीट्यूट के एक, धर्मशाला के एक, स्कूल के एक भूखंड खाली हैं।
खोराबार टाउनशिप एवं मेडिसिटी परियोजना में आवासीय में रिक्त पड़े आवासीय फ्लैट और भूखण्ड के लिए भी प्राधिकरण ने पंजीकरण खोल दिया है। ईडब्ल्यूएस श्रेणी में 1 बीएचके 4 फ्लैट, एलआईजी में 01 बीएचके 210 फ्लैट, मिनी एमआईजी में 02 बीएचके 84 फ्लैट, एमआईजी 03 बीएचके 235 फ्लैट के लिए पंजीकरण गुरुवार से खुल रहा है। इसके अलावा आवासीय टाउनशिप में एलआईजी 01 भूखण्ड, एमआईजी के 06 भूखण्ड और एचआईजी भूखण्ड 03 रिक्त पड़े हैं। इनके लिए पंजीकरण विवरण पुस्तिका 500 रुपये में वेवसाइट से डाउनलोड की जा सकती है।