शास्त्री चौराहे पर पैमाइश करती प्रशासन टीम।
- फोटो : अमर उजाला।
रेलवे स्टेशन रोड जैसे रास्ते से भी अतिक्रमण हट गया है। अब आईजी ने अतिक्रमण की वजह से फिर शहर की सूरत खराब न हो, इसे लेकर सतर्क रहने का आदेश जारी किया है। एसएसपी को पत्र भेजकर कहा गया है कि चौकी इंचार्ज की जिम्मेदारी तय की जाए कि वह अतिक्रमण को लेकर सतर्क रहें और रोजाना इसकी जांच करें। अपने-अपने इलाके में चौकी इंचार्ज सुनिश्चित कराएं कि कहीं भी दोबारा अतिक्रमण न लगने पाए।
सीओ को करनी होगी समीक्षा
सीओ को इस बात की समीक्षा करनी होगी कि दोबारा अतिक्रमण न लगने पाए। अगर अतिक्रमण लगा मिले तो इस बात की सीओ जांच करेंगे कि वहीं शख्स दोबारा अतिक्रमण किया था या फिर कोई दूसरा आ गया। अगर वहीं शख्स अतिक्रमण किए मिला तो सीओ चौकी इंचार्ज की रिपोर्ट देंगे और फिर कार्रवाई की जाएगी।
आईजी गोरखपुर रेंज जे रविंद्र ने कहा कि जहां से भी अतिक्रमण हटाए गए हैं, वहां पर दोबारा न लगने पाए, इसकी जिम्मेदारी चौकी इंचार्ज की तय करने का आदेश दिया गया है। पुलिस को निर्देश दिया गया है कि वह अतिक्रमण हटाने के दौरान जिस शख्स ने अतिक्रमण हटाया है उसके फोटो को रिकॉर्ड में रख लें, ताकि दोबारा अतिक्रमण होने पर यह सुनिश्चित हो सके कि उसी शख्स ने पुलिस की लापरवाही से दोबारा अतिक्रमण किया है या कोई नया गया है। अगर वहीं शख्स दोबारा मिला तो संबंधित चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें: बेलीपार लूटकांड: दोस्त ने रची थी साजिश..फिर साथियों संग लूट लिए थे 12 लाख
कचहरी-शास्त्री चौक लेन : खंभे की आड़ में सज गईं दुकानें...बचती है 20 फीट सड़क
कचहरी चौराहा से शास्त्री चौक की ओर बढ़ने पर दाईं तरफ सड़क पर छह फीट आगे बढ़कर बिजली के खंभों का जाल फैला है। अब इसी की आड़ में दुकानदारों ने फुटपाथ पर कब्जा जमा लिया है। इस रोड पर सभी दुकानदारों ने फुटपाथ अपनी दुकान का सामान सजाकर कब्जा कर लिया है। सात फीट का कब्जा होने की वजह से सड़क चलने के लिए महज 20 फीट ही बचती है। जिसकी वजह से सिग्नल बंद होते ही लंबा जाम लग जाता है और लोग परेशान होते हैं।
आगे बढ़ने पर शास्त्री चौक पर ऑटो वालों ने कब्जा जमा लिया है। जिस वजह से चौड़ा चौराहा भी सकरा हो जाता है और फिर लोगों को जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। शास्त्री चौक से जैसे ही आगे सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज की तरफ बढ़ेंगे बाईं तरफ कब्जा है। दुकानदारों ने बाकायदा लोहे का एंगल लगा दिया है और इसके आगे ही ऑटो लगा दिया जाता है। फिर जाम की समस्या सामने आती है। इस रोड पर आगे बढ़ते ही दूसरे लेन पर ट्रांसफॉर्मर है और उसके आगे टेलीफोन का सिस्टम लगा है। इसकी आड़ में पार्किंग होने के बाद चलने के लिए सड़क महज आठ फीट ही बच पाती है।
इसे भी पढ़ें: टू-लेन बनेगी धर्मशाला-पांडेयहाता सड़क, डीपीआर तैयार
माॅर्ट से आठ फीट आगे खंभा...चलने को बचती है सात फीट सड़क
आंबेडकर चौक से हरिओम तिराहा की ओर जाने वाले रास्ते पर भी जाम की वजह अतिक्रमण है। आंबेडकर चौक से हरिओम की ओर बढ़ते ही एक मॉल है। उसके सामने आठ फीट आगे करके बिजली के खंभे लगे हैं। इस वजह से उसी की आड़ में जगह का इस्तेमाल पार्किंग के लिए किया जाता है। अब इसके बाद यहां पर चलने के लिए जगह महज सात फीट ही बचती है और उसमें भी ऑटो वालों का कब्जा होता है, जिस वजह से वाहन चलते नहीं, बल्कि रेंगते हैं। माॅर्ट से थोड़ा ही आगे बढ़ने पर फिर एक ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया गया है और उससे चंद कदम आगे दुकानदार ने प्राइवेट जेनरेटर रख दिया है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में नए साल का जश्न मनाइए...पर हुड़दंग किए तो जाएंगे जेल
बड़ा जेनरेटर और ट्रांसफार्मर की आड़ में इस जगह की सड़क का इस्तेमाल पूरी तरह से पार्किंग के लिए होता है। अब इसके बाद जो जगह बचती है, उसी पर चलना पड़ता है। अगर एक चार पहिया वाहन आ गया तो फिर जाम लगना तय मानिए। यही हाल आगे हरिओम तिराहा तक का है। हालांकि, कुछ दिनों पहले नगर निगम और पुलिस ने यहां से ठेले और फुटपाथ वालों को हटाया है, जिसकी वजह से थोड़ी सहूलियत हुई है, लेकिन अगर खंभे और अतिक्रमण हट जाए तो इस रोड पर भी वाहन फर्राटे भरने लगेंगे।