अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ट्रेन नंबर 12572 गोरखपुर हमसफर से दिल्ली से गोरखपुर आ रहे नवीन चंद्र शांडिल्य का आईफोन कोच सं. बी-19 के बर्थ सं. 12 पर छूट गया था। जीआरपी व आरपीएफ टीम ने सर्विलांस के जरिए इस मोबाइल को बुजुर्ग महिला के पास से बरामद किया। महिला ने बताया कि वह जहां बैठी थी, यह मोबाइल फोन वहीं गिरा था और बार-बार इससे आवाज आ रही थी। मोबाइल फोन की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट दशरथ प्रसाद ने बताया कि यात्री के मोबाइल फोन गायब होने की सूचना पर जीआरपी व आरपीएफ की टीम ने खोजबीन शुरू की। ट्रेन के बर्थ को चेक किया गया तो वहां मोबाइल फोन नहीं मिला। इसके बाद उसे सर्विलांस पर लगाया गया तो लोकेशन रेलवे स्टेशन के गेट सं. 2 के पास बैठी बुजुर्ग दिव्यांग महिला के पास मिला। महिला ने बताया कि आवाज सुनकर उसे अपने पास रखा था। यह क्या है इसके बारे में जानकारी नहीं थी। यात्री नवीन चंद्र शांडिल्य निवासी 237 ग्रीन वैली अपार्टमेंट, पाकेट-6 सेक्टर-ए 10, डीडीए नरेला दिल्ली को यह मोबाइल फोन सौंप दिया गया।
किशोरी व युवक को साथ ले गई पुलिस
गोरखपुर। ट्रेन नंबर 15070 में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हेड कांस्टेबल बृजभूषण सिंह, कांस्टेबल यशवंत व कांस्टेबल दुर्गाकांत ने बृजमनगंज रेलवे स्टेशन से आगे एक 14 वर्षीय किशोरी व लड़के को पकड़ा। पूछताछ में पता लगा कि सिद्धार्थनगर के रहने वाले ये दोनों घर छोड़कर कहीं जा रहे थे। आरपीएफ इंस्पेक्टर दशरथ प्रसाद ने दोनों को सिद्धार्थनगर पुलिस के हवाले कर दिया।