ट्रेन चलाने की करीब आठ साल पुरानी योजना लेगी मूर्त रूप
वाराणसी और देवरिया रूट की पैसेंजर ट्रेनों को भी यहीं से चलाने की है योजना
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट (छावनी) स्टेशन से भी ट्रेन चलाने की करीब आठ साल पुरानी योजना सोमवार को मूर्त रूप लेगी। यात्रियों की सुविधा और परिचालन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए एनईआर प्रबंधन ने सोमवार से गोरखपुर जंक्शन-नरकटियागंज, समर स्पेशल और नकहा जंगल-सीवान पैसेंजर को गोरखपुर कैंट स्टेशन से चलाने के लिए समय सारिणी भी जारी कर दी है। सोमवार से इन ट्रेनों के यात्रियों को कैंट स्टेशन से ही ट्रेन पकड़नी होगी।
गोरखपुर-पडरौना-थावे रेल खंड जब छोटी लाइन थी, उस वक्त गोरखपुर छावनी (कैंट स्टेशन) महत्वपूर्ण स्टेशन हुआ करता था। हालांकि बाद में इस रूट के उच्चीकरण और गोरखपुर-नरकटियागंज रूट के शुरू होने के साथ ही कैंट स्टेशन की भूमिका केवल गोरखपुर में लाइन क्लीयर नहीं मिलने पर ट्रेनों को रोकने के लिए होने लगा।
वर्ष 2016 में गोरखपुर स्टेशन पर बढ़ती भीड़ और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए कैंट स्टेशन को विकसित करने की योजना बनी। समय के साथ इसकी डिजाइन में भी कुछ परिवर्तन किया गया। पुराने स्टेशन से हटकर पूरा नया स्टेशन भवन और प्लेटफार्म नंबर एक व दो बना। पुराने स्टेशन भवन का वजूद ही खत्म हो गया और तब का मुख्य प्लेटफार्म अब तीन नंबर प्लेटफार्म में तब्दील हो चुका है। नया स्टेशन भव्य रूप ले चुका है।
यहां गोरखपुर स्टेशन से भी बड़ा रूट रिले ट्रांसमिशन रूम कार्यरत है, जहां बड़े एलईडी स्क्रीन पर देखकर सभी लाइनों में ट्रेनों का संचालन हो रहा है। साथ ही गोरखपुर स्टेशन से पहले इस स्टेशन को थर्ड लाइन की सुविधा भी मिल चुकी है। अब सोमवार से यहां से तीन पैसेंजर ट्रेनों का नियमित संचालन भी शुरू हो जाएगा। जल्द ही यहां से वाराणसी और देवरिया रूट की पैसेंजर ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। इसके अलावा कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का भी ठहराव यहां शुरू हो सकता है।
-
ये बनी है व्यवस्था
गोरखपुर स्टेशन से चलने वाली 05096 गोरखपुर -नरकटियागंज अनारक्षित विशेष गाड़ी गोरखपुर स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन से 07.10 बजे चलाई जाएगी।
गोरखपुर स्टेशन से चलने वाली 05498 गोरखपुर-नरकटियागंज अनारक्षित विशेष गाड़ी गोरखपुर स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन से रात 11 बजे चलाई जाएगी।
नकहा जंगल से चलने वाली 05036 नकहा जंगल-सीवान अनारक्षित विशेष गाड़ी नकहा जंगल स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन से 05.40 बजे चलाई जाएगी।
नरकटियागंज से चलने वाली 05449 नरकटियागंज-गोरखपुर अनारक्षित विशेष गाड़ी गोरखपुर स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन पर 05.45 बजे पहुंचकर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
नरकटियागंज से चलने वाली 05095 नरकटियागंज-गोरखपुर अनारक्षित विशेष गाड़ी गोरखपुर स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन पर रात 08.30 बजे पहुंचकर यात्रा समाप्त करेगी।
नरकटियागंज से चलने वाली 05039 नरकटियागंज-नकहा जंगल अनारक्षित विशेष गाड़ी नकहा जंगल स्टेशन के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन पर रात में 11.55 बजे पहुंचकर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।