कार और मोटरसाइकिल के लिए अलग-अलग शुल्क तय किए गए
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मरीजों और तीमारदारों को अपने वाहन खड़ा करने के लिए शुल्क देने होंगे। एम्स में इसके लिए ओपीडी भवन के ठीक सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसका उद्घाटन भी एम्स निदेशक डॉ. सुरेखा किशोर ने किया है।
पार्किंग के लिए 4800 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में टीन शेड का घेरा बनाया गया है। इसमें 200 दोपहिया वाहन और 200 चार पहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। इसके अलावा साइकिल खड़ी करने की व्यवस्था भी की गई है। इन वाहनों को खड़ा करने के लिए लोगों को शुल्क देने होंगे। साइकिल के लिए पांच रुपये, मोटरसाइकिल के लिए 10 और चार पहिया वाहन के लिए 20 रुपये। एम्स निदेशक ने बताया कि मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए यह पहल की गई है। अब तक मरीज और तीमारदार एम्स के बाहर अपनी गाड़ियों को खड़ी करते थे। लेकिन, एम्स में पार्किंग व्यवस्था होने के बाद लोगों की समस्या दूर हो जाएगी। साथ ही उनके वाहन भी सुरक्षित रहेंगे।