कैंट स्टेशन पर यात्री को शौचालय में बंद करने और पीटने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कैंट रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को शौचालय में बंद कर पीटने के मामले की जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। इस मामले में आरोपी बनाए गए रेल कर्मियों की पहचान के लिए पीड़ित के सामने उनकी परेड कराई जाएगी। वहीं रेलवे अफसर भी इस मामले पर नजर रखे हुए हैं। आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई होने के बाद रेलवे भी अपनी तरफ से कार्रवाई शुरू करेगा।
कुशीनगर के रामकोला थाना क्षेत्र के बगहा खुर्द के रहने वाले पूर्व सैनिक रामप्रीत प्रसाद ने जीआरपी थाना गोरखपुर में तहरीर देकर बताया कि बीते सात मई को वह कैंट स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में था। इसी दौरान वह स्टेशन पर कर्मचारियों के लिए बने शौचालय में चला गया। इससे नाराज कर्मचारियों ने शौचालय का फाटक बंद कर दिया। इसके बाद बाहर निकलने पर बुरी तरह से मारा पीटा। सिर में चोट के चलते 18 टांके लगे हैं।
जीआरपी इंस्पेक्टर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित का कहना है कि वह आरोपियों को पहचनता है। इसलिए उसके सामने कर्मचारियों की परेड कराई जाएगी। चिन्हित कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। वहीं एक वरिष्ठ रेल अफसर ने बताया कि मामले में केस दर्ज होने के बाद अब पूरा प्रकरण जीआरपी के पास है। उनकी जांच रिपोर्ट में अगर कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके आधार पर ही रेलवे भी अपनी तरफ से कार्रवाई करेगी।