महाराजगंज कलेक्ट्रेट में लोकसभा प्रत्याशी के रुप में नामांकन करते पंकज चौधरी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
लोकसभा प्रत्याशी व छह बार के सांसद पंकज चौधरी ने शुक्रवार को नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान घोषित संपत्ति के ब्योरे के अनुसार, वर्ष 2019 से लेकर अभी तक पंकज चौधरी की चल सम्पत्ति 67 लाख 65 हजार 86 रुपया से बढ़ कर 1 करोड़ 14 लाख 43 हजार 314 रुपया हो गई है।
अचल सम्पत्ति भी इस दौरान 20 करोड़ 40 लाख 38 हजार रुपये से 21 करोड़ 30 लाख 22 हजार रुपये हो गई है। पत्नी भाग्यश्री के पास भी अचल संपत्ति 2019 के मुकाबले साढ़े तीन करोड़ बढ़कर 11 करोड़ 74 लाख 82 हजार 600 रुपये हो गई है।
घोषणा पत्र के अनुसार, पंकज के पास 8.40 लाख रुपये मूल्य के 120 ग्राम सोने के जेवर है। पत्नी के पास 19.95 लाख रुपया मूल्य का 285 ग्राम सोने का गहना व 99 हजार रुपये मूल्य का 11 सौ ग्राम चांदी का गहना है। पति-पत्नी के अलावा संयुक्त परिवार में 21 लाख रुपये का हीरा जड़ित सोने का गहना है।
पंकज के पास 57 हजार 825 रुपया नकदी व पत्नी के पास 1 लाख 4 हजार 815 रुपया नकदी है।
असलहाधारी हैं पंकज, पत्नी के पास भी है रायफल व पिस्टल
घोषणा पत्र के मुताबिक पंकज चौधरी के पास रायफल, रिवाल्वर व डीबीबीएल बंदूक है। पत्नी के पास भी रायफल व पिस्टल है। धनेवा में जिस मकान में पंकज चौधरी रहते हैं, उस प्लाट को वर्ष 1996 में 1 लाख 58 हजार 570 रुपया में खरीदा था। उसमें 2 लाख 5 हजार रुपये से विकास सन्निर्माण कराया। अब उसकी अनुमानित बाजार मूल्य 6 करोड़ 86 लाख 20 हजार रुपये हो गई है।