तिवारीपुर क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में पिछले तीन से चार दिनों से बिज्जुओं के लगातार दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ था। कॉलोनी में कुछ घरों और छतों पर बिज्जू घूमते देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय हुई। रविवार को टीम ने अभियान चलाकर तीन बिज्जुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार 15 अगस्त की रात करीब 10:20 बजे सूचना मिली थी कि तिवारीपुर कॉलोनी में डॉ. लारी के घर व छत पर दो-तीन दिन से बिज्जू घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। रविवार को टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। प्रयास के बाद तीन बिज्जुओं को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से कॉलोनी के कई मकानों के आसपास बिज्जू दिखाई दे रहे थे। कुछ लोगों ने इनके घरों के अंदर तक पहुंचने की बात भी कही। लगातार दिखने के कारण खासकर रात के समय लोगों ने घरों से बाहर निकलना कम कर दिया था। बच्चों को भी बाहर जाने से रोका जा रहा था। अभियान के बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम ने तीन बिज्जुओं को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया है।