गोरखपुर। विकास भवन पहुंचे पंचायत सहायकों ने शुक्रवार को सीडीओ कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। वहां के कर्मचारियों ने रोकना चाहा तो नारेबाजी शुरू कर दी। अपनी मांगाें का ज्ञापन सीडीओ की गैरमौजूदगी में उनके कार्यालय में दिया। पंचायत सहायकों ने कहा कि वे क्राॅप सर्वे नहीं करेंगे।
पंचायत सहायक संघ के नेतृत्व में सीडीओ कार्यालय पहुंचे पंचायत सहायकों ने कहा कि सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी का निर्वहन वे बखूबी कर रहे हैं। कहा कि उन्हें समय से मानदेय नहीं दिया जा रहा है। उन लोगों को डिजिटल क्राॅप सर्वे करने के लिए लगाया गया है। वे लोग क्राॅप सर्वे का कार्य नहीं करेंगे।
उनका कहना है कि ग्राम प्रधान व सचिव की ओर से पंचायत सहायकों को प्रताड़ित किया जा रहा है। दो साल से मानदेय नहीं मिला है। पंचायत भवन में इंटरनेट की व्यवस्था नहीं है।
ज्ञापन देने वालों में विवेक यादव, प्रदीप सिंह, सूरज यादव, सूरज कुमार गौड़, अश्वनी मौर्य, विजय यादव, वंदना सिंह, अंजू मौर्या, भावना शर्मा, राकेश कुमार, पूजा आर्या, गीतांजलि, कंचन मौर्या, रिंकी आदि शामिल थीं।