अब तक 20 केंद्रों पर 236 मीट्रिक टन हो पाई है खरीद
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। किसानों को धान की उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने जिले में 210 क्रय केंद्र खोले हैं जिसमें 190 सक्रिय हैं। खाद्य विभाग का दावा है कि वहां पर खरीद की पूरी व्यवस्था की गई है। लेकिन जिले में अब तक मात्र 20 केंद्रों पर खरीद की गई है। कई केंद्रों से किसान निराश लौट गए। वहां कोई यह बताने वाला नहीं कि कब वह अपना धान लेकर आएं।
अब तक 66 किसानों से 236.4 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। विभाग का कहना है कि पिछले साल 10 नवंबर के बाद धान की खरीद शुरू हो पाई थी। लेकिन, इस साल बारिश कम होने के कारण धान की कटाई कुछ पहले शुरू हो गई है।
ब्रह्मपुर ब्लाॅक के डुमरैला गांव निवासी किसान कमलाकांत का कहना है कि वह ब्रह्मपुर स्थित खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर गए तो वहां पर कोई यह बताने को तैयार नहीं कि खरीद कब और कैसे होगी। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्र के कर्मचारी किसानों को परेशान कर रहे हैं। कोट
जिले में 210 क्रय केंद्र खोले गए हैं लेकिन, 190 सक्रिय हैं। पांच दिनों में 20 क्रय केंद्रों से 236 मीट्रिक टन धान की खरीद की गई है। हर किसान का धान खरीदा जाएगा। किसान अपना रजिस्ट्रेशन करा लें। यदि किसी क्रय केंद्र पर कोई प्रभारी धान की खरीद में हीलाहवाली करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
- संजीव कुमार, आरएमओ