सुबह और शाम को बड़हलगंज कस्बे में नहीं जाएंगे भारी वाहन
- कौड़ीराम में बाईपास पर फ्लाईओवर को यातायात के लिए जल्द खोलने का निर्देश
- डीएम व एसएसपी ने निरीक्षण के बाद जाम से राहत का बनाया प्लान
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। गोरखपुर-वाराणसी हाइवे पर जाम से मुक्ति के लिए बड़हलगंज पर बन रहे पुल का एक लेन इस महीने यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। भीड़ के समय भारी वाहनों का प्रवेश कस्बे में नहीं होने पाएगा। वहीं, कौड़ीराम में फ्लाईओवर को आवागमन के लिए खोलने व रोडवेज की बसों को चौराहे से 200 मीटर दूर रोकने का निर्णय लिया गया है।
डीएम कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने गोरखपुर से बड़हलगंज तक जाम के प्रमुख वजहों को चिन्हित किया। इसके बाद संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए। डीएम ने बताया कि बड़हलगंज में कस्बे में भारी वाहनों से भी जाम लग रहा है। इसलिए, तय किया गया है कि सुबह 9 से 11 बजे और शाम के 5 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसके लिए पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह कौड़ीराम में जाम मिला। चौराहे के पास ही बसें खड़ी हो रही थीं। बसों को 200 मीटर दूर रोकने को कहा गया है। कौड़ीराम में ही बाईपास रोड बन रहा है। वहां एक फ्लाईओवर बन चुका है, जल्द उसे खोलने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों से कहा गया है। फ्लाईओवर पर आवागमन शुरू होने के बाद उसके नीचे की सड़क बनाई जाएगी।
आज मोहद्दीपुर, नौसड़ व सहजनवां का होगा निरीक्षण
डीएम ने बताया कि एसएसपी के साथ सोमवार को सबसे पहले मोहद्दीपुर में जाम की स्थिति देखेंगे। इसके बाद नौसड़ व सहजनवां जाएंगे। वहां सड़कों पर अतिक्रमण हटेगा। निरीक्षण के बाद प्लान तैयार कर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम लगाकर पालन कराया जाएगा। इसी तरह सहजनवां में सड़क से अतिक्रमण हटाया जाएगा।