अमर उजाला ब्यूरो धर्मसिंहवा/संतकबीरनगर। धर्मसिंहवा क्षेत्र के सेवहा चौबे के रहने वाले एक युवक की पंजाब के अमृतसर में हुए हादसे में शुक्रवार को मौत हो गई। जैसे की घटना की सूचना घर पर पहुंची,वैसे ही कोहराम मच गया। पीड़ित परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के सेवहा चौबे निवासी कपिल यादव ने बताया कि उसके छोटे भाई लल्लू यादव पंजाब के अमृतसर में फल का थोक कारोबार करते थे। शुक्रवार को भाई लल्लू वसूली के लिए मुनीम के साथ बाइक से कमरे से निकले थे। बाइक चला रहे लल्लू अपने चेहरे पर रूमाल बांधे थे। हवा के झोके से रूमाल उड़ गई और आंख ढ़क जाने से बाइक अनियंत्रित होकर ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। हादसे में लल्लू की मौके पर मौत हो गई। जबकि मुनीम बाल- बाल बच गया। लल्लू के साथ रहने वाले भतीचे शिवसागर ने घटना की सूचना फोन पर घर वालों को दी। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पीड़ित पत्नी का रो- रोकर बुरा हाल है। लल्लू दो भाईयों में छोटे थे। बड़े भाई कपिल गांव पर ही रहकर खेती करते हैं। लल्लू की पत्नी सुनीता अपने सात वर्षीय बेटे अंश , पांच वर्षीय बेटी अंशिका और तीन वर्षीय अंकिता के साथ भी गांव पर ही रहती है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम गच गया।