फोटो
- कोतवाली पुलिस ने एक नामजद और 15-20 अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया केस
- बक्शीपुर में गेस्ट हाउस के बाहर हुई थी घटना, सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कोतवाली इलाके में मंगलवार रात 11.40 बजे सराफा मंडल के संरक्षक पंकज कुमार गोयल की कार पर हमला करने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हमले में पंकज कुमार की बेटी चोटिल भी हो गई थी।
पुलिस ने पंकज की तहरीर पर गीडा के पिछौरा गांव निवासी विनोद यादव व 15-20 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, हमला करने और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस गेस्ट हाउस के सीसी टीवी कैमरे की मदद से अन्य आरोपियों की पहचान में जुटी है।
गीता प्रेस रोड शेषपुर निवासी पंकज कुमार गोयल ने तहरीर में लिखा है कि मंगलवार को परिवार के साथ कार से लौट रहे थे। रात करीब 11.40 बजे उनकी कार बक्शीपुर के एक गेस्ट हाउस के पास पहुंची थी। सड़क पर ही एक गाड़ी खड़ी होने की वजह से जाम लग गया था। उसमें बैठे लोगों को गाड़ी हटाने के लिए कहा गया तो वह गाली देने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी। ईंट पत्थर भी चलाए, जिससे कार का शीशा टूट गया। परिवार वाले चीखने लगे। कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एक आरोपी विनोद यादव को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार हो गए।
एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य के पहचान में पुलिस लगी है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।