पादरी बाजार (गोरखपुर)। साइबर अपराधियों ने अब डॉक्टरों को भी निशाने पर लेना शुरू कर दिया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के बशारतपुर स्थित खरैया पोखरा निवासी डॉ. जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव को फीस देने के बहाने स्कैनर मांगकर उनके खाते से 2 लाख 48 हजार रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर साइबर एक्सपर्ट की मदद से जांच शुरू कर दी है।
डॉ. जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बीते आठ सितंबर की शाम करीब चार बजे उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि उसके परिवार का एक मरीज गंभीर रूप से बीमार है और क्लिनिक तक लाना संभव नहीं है।
उसने ऑनलाइन परामर्श देने का आग्रह करते हुए कहा कि वह फीस ऑनलाइन पेमेंट के जरिए भेज देगा। डॉक्टर ने उसकी बात पर भरोसा करते हुए यूपीआई स्कैनर साझा कर दिया।
इसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से तीन बार में कुल 2.48 लाख रुपये निकल गए। मोबाइल पर लगातार राशि कटने का मैसेज देखकर डॉक्टर के होश उड़ गए। जब उन्होंने उस नंबर पर दोबारा संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। घटना की जानकारी मिलते ही डॉक्टर ने बैंक को सूचना दी और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल की।
इसके बाद शाहपुर थाने में तहरीर देकर अज्ञात पर केस दर्ज कराया।
थाना प्रभारी शाहपुर नीरज कुमार राय ने बताया कि यह मामला साइबर फ्रॉड का है। ठगों ने डॉक्टर के भरोसे का फायदा उठाकर स्कैनर के माध्यम से रुपये ट्रांसफर किए हैं। ट्रांजेक्शन की पूरी डिटेल साइबर सेल को भेज दी गई है। तकनीकी जांच के जरिये खातों और नंबरों की ट्रेसिंग की जा रही है।