पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग --- शर्मा गुट ने सौंपा भाजपा विधायकों और एमएलसी को ज्ञापन अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। माध्यमिक विद्यालयों का शैक्षिक सत्र 30 जून करने तथा वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षकों को पूर्णकालिक शिक्षक का दर्जा दिये जाने समेत 11 मांगों को लेकर गुरुवार को उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन विधायकों को सौंपा। जिलाध्यक्ष डॉ. दिग्विजयनाथ पांडेय एवं जिला मंत्री श्याम नारायण सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह, शीतल पांडेय एवं विपिन सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों को पुरानी पेंशन दिये जाने, प्रदेश सरकार द्वारा महंगाई भत्ते समेत विभिन्न अन्य भत्तों पर रोक को वापस लेने, राज्य कर्मचारियों की तरह शिक्षकों को निशुल्क चिकित्सा सुविधा दिये जाने की मांग की गई है। शिक्षक संघ ने ऑनलाइन पढ़ाई के लिए गरीब बच्चों को मोबाइल तथा इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है। शिक्षकों के स्थगित एकल स्थानान्तरण नीति को फिर लागू करने एवं मृत आश्रित नियुक्ति एवं शिक्षकों के देयकों का भुगतान किये जाने की मांग ज्ञापन में शामिल है।