गोरखपुर। डोमिनगढ़ पुल के पास रेलवे लाइन के किनारे बन रही पक्की दीवार को आसपास के लोगों ने सोमवार को रोकवा दिया। लोगों का कहना था कि जब तक यहां ओवरब्रिज नहीं बनता, पक्की दीवार नहीं बनने देंगे। ये लोग मंगलवार को सांसद रविकिशन के अलावा रेलवे के अफसरों से भी मिलने जाएंगे।
मौके पर मौजूद पार्षद जयंत निषाद के अलावा माधोपुर, सूरजकुंड और बिलंदपुर खत्ता की रहने वाली सुभावती, भानमती, इलाइची, रीता आदि महिलाओं का कहना था कि रेलवे लाइन पार कर वे लोग नदी के किनारे और दूसरे गांवों में आती जाती हैं। यहां सड़क चौड़ीकरण के साथ क्रासिंग पर ओवरब्रिज भी बनना है। ओवरब्रिज बनने तक यहां पक्की दीवार बनाकर रास्ता अवरुद्ध करने से दिक्कत होगी। मोहल्लावासी राजकिशोर, महेंद्र, विजय आदि का कहना था कि नदी के किनारे आने-जाने का रास्ता बंद करने से पहले कोई वैकल्पिक उपाय करना होगा, अन्यथा हमारे मोहल्ले के लोग अपने घरों में कैद होकर रह जाएंगे। मौके पर मौजूद ठेकेदार का कहना था कि उसे जो वर्क आर्डर मिला है, उसके अनुसार काम करा रहे हैं। लोगों का कहना था कि सांसद रविकिशन से मिलकर अपनी समस्या रखेंगे।
इस संबंध में सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह का कहना है कि दीवार रेलवे लाइन की सुरक्षा को लेकर बनाई जा रही है। आवागमन को लेकर कोई समस्या है तो उसका स्थानीय प्रशासन से ताल्लुक होगा। हमारे जानकारी में यह प्रकरण नहीं है।