सीएम योगी को धमकी देने वाले ने मांगी थी माफी. अब गोरखपुर साइबर पुलिस भी मामले की पूरी जांच करेगी
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धमकी देने के बाद सोशल मीडिया पर माफी मांगने वाले पिपराइच के सैफ उर्फ रियाजुल अंसारी को राहत नहीं मिली है। मुंबई पुलिस की धीमी कार्रवाई देखकर गोरखपुर पुलिस ने भी जांच शुरू कर दी है। सैफ के सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर साइबर थाने की पुलिस उसकी कुंडली तैयार कर रही है। सैफ अपने मां-बाप के साथ मुंबई में है, लेकिन पिपराइच में रहने वाले उसके मामा और अन्य रिश्तेदारों से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
दो नवंबर को मुंबई की फातिमा खातून नामक युवती ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को मैसेज भेजकर सीएम योगी आदित्यनाथ की हत्या की धमकी दी थी। मुंबई पुलिस ने तीन नवंबर की दोपहर में फातिमा को हिरासत में लिया तो पता चला कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया।
इस मामले की जांच चल ही रही थी कि फातिमा के ही पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए सैफ उर्फ रियाजुल हक अंसारी ने सैफ अंसारी नाम के अपने अकाउंट से पोस्ट किया कि ‘मैं भी मारूंगा योगी को’। इसे संज्ञान लेते हुए ‘वाॅयस आफ हिंदूज’ नामक संस्था ने पुलिस में शिकायत की।
पुलिस की जांच में पता चला कि सैफ उर्फ रियाजुल अंसारी पिपराइच कस्बे के वार्ड नम्बर 12 का निवासी है। वह अपने पूरे परिवार के साथ मुंबई के बैगनबाड़ी में रहता है और सिलाई का काम करता है। उसने पोस्ट मुंबई से ही किया था। गोरखपुर की पुलिस ने आरोपी की डिटेल मुंबई पुलिस को भेज दी थी। उम्मीद थी कि इस मामले में मुंबई पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई करेगी, लेकिन जांच आगे नहीं बढ़ी। इस बीच युवक ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी करतूत के लिए माफी मांगनी शुरू कर दी।
सोशल मीडिया अकाउंट की जांच कर रही पुलिस
सैफ की गतिविधियों को समझने के लिए साइबर थाने की पुलिस ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वर्तमान में मौजूद कंटेंट के साथ ही पूर्व के कंटेंट और उसके संपर्क किस तरह के लोगों से हैं, इसे भी जांच के दायरे में रखा गया है।
साइबर थाने की पुलिस ने उसके मामा से पूछताछ के आधार पर कई और जानकारियां जुटाई हैं। पूर्व में सामने आई उसकी अन्य गतिविधियों के बारे में भी जांच कर एक रिपोर्ट तैयार की जा रही है। सैफ ने जिस डेटा को हटा दिया है उसे भी रिकवर किया जा रहा है। जिससे पूरी कुंडली तैयार होकर सामने आ जाए। उसके बाद कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।