संक्रमित मिलने पर उसके संपर्क में आए लोगों की कराई जाएगी जांच
18 रैपिड रिस्पांस टीमों के अलावा आशा कार्यकर्ता भी घर पहुंचाएंगी दवाएं
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। कोरोना को लेकर स्वास्थ्य महकमा ने तैयारी तेज कर दी है। सीएमओ ने आदेश जारी किया है कि अब किसी भी मरीज के ऑपरेशन से पहले उसकी कोरोना की जांच की जाएगी। अगर किसी मरीज की रिपोर्ट पॉजीटिव आती है तो उसके संपर्क में रहने वालों की जांच होगी। सीएमओ ने सभी सरकारी, प्राइवेट अस्पतालों को आदेश जारी करने के साथ ही निर्देशित किया है कि अगर कहीं पर भी मरीज पॉजीटिव मिले तो इसकी सूचना तत्काल दी जाए।
जानकारी के मुताबिक, सीएमओ ने बताया कि जो भी संक्रमित मिलेंगे, उनकी ट्रेवल हिस्ट्री पता करते हुए उनके संपर्क में आए लोगों की कोरोना जांच कराई जाएगी। तबीयत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उपचार कराया जाएगा, सामान्य होने पर होम क्वारंटीन कराया जाएगा। संक्रमितों के घर तक दवा पहुंचाने के लिए 18 रैपिड रिस्पांस टीमों का गठन किया गया है।
बताया कि इसके अलावा सभी आशा कार्यकर्ताओं को सतर्क कर दिया गया है। कोरोना की मेडिकल किट तैयार हो गई है। शीघ्र ही प्रत्येक आशा कार्यकर्ता को 10-10 किट प्रदान की जाएगी। ताकि संक्रमित मिलने पर तत्काल मरीज के घर दवाएं पहुंचाई जा सकें। सीएचसी-पीएचसी व शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर बुखार व सांस के रोगियों की कोरोना जांच शुरू करा दी गई है।