गोरखपुर। पूर्वाेत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा), इज्जतनगर मंडल के ओर से हल्द्वानी, नैनीताल में चल रहे 16वीं अखिल भारतीय रेलवे पुरुष व महिला हैंडबाल चैंपियनशिप के महिला वर्ग में पूर्वोत्तर रेलवे ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए खिताब जीत लिया। शुक्रवार को महिला वर्ग के फाइनल मुकाबले में पूर्वाेत्तर रेलवे ने उत्तर रेलवे को 25-19 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
जबकि पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पूर्वाेत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे को 35-21 हराकर फाइनल में प्रवेश किया। शनिवार को सुबह 10 बजे से प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला पूर्वोत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे की टीमों के बीच खेला जाएगा। समापन समारोह की मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर रेखा यादव होंगी।
मैच में मुख्य अतिथि के रूप में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) राजीव अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अरुण कुमार, मंडल क्रीड़ा अधिकारी शिखर दयाल, मंडल क्रीड़ा सचिव गीता अरोरा शर्मा, खिलाड़ियों सहित खेल प्रेमी मौजूद रहे।
हैंडबाल टीमों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर नरसा के अध्यक्ष एससी श्रीवास्तव, महासचिव पंकज कुमार सिंह, हैंडबाल/सचिव कृष्ण चंद्र सिंह, सहायक क्रीड़ा अधिकारी चंद्र विजय सिंह व हैंडबाल कोच अरविंद कुमार यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीमों को बधाई दी।