पिपराइच (गोरखपुर)। थाना क्षेत्र के तूरा नाले में रविवार को नहाते समय अगया निवासी करन चौहान (19) डूब गया था। दो दिनों से उसकी नाले में तलाश चल रही है, लेकिन कामयाबी नहीं मिल पाई। इसको लेकर सोमवार को नाराज ग्रामीणों ने शाम के समय तूरा बाजार में चक्का जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। करीब एक घंटे तक ग्रामीणों ने प्रदर्शन जारी रखा, जिससे बाजार में आने-जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। अगया निवासी करन चौहान पिता की मौत के बाद से ही लक्ष्मीपुर हैदर गंज में अपने मामा के घर रह रहा था। रविवार करीब पांच बजे मामा के घर से अपने गांव आ रहा था। रास्ते में जंगल अहमद अली शाह गांव के पास तूरा नाले में कुछ बच्चों को नहाते देख वह भी नहाने लगा। जैसे ही वह नाले में कूदा डूब गया। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार को क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा की देखरेख में पुलिस बल व एनडीआरएफ टीम डूबे युवक की तलाश करती रही।