जंगल कौड़िया-सोनौली रिंग रोड निर्माण का मामला, एनएचएआई ने शुरू कराया काम
संवाद न्यूज एजेंसी
पीपीगंज। जंगल कौड़िया-सोनौली रिंग रोड का निर्माण कार्य एनएचएआई ने शुरू करा दिया है। इससे जुड़ी किसानों की समस्याओं का समाधान अब हेल्प डेस्क के जरिए किया जाएगा। सोमवार से कैंपियरगंज तहसील परिसर में हेल्प डेस्क पर तैनात राजस्व, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और एसएलओ (भूमि अध्याप्ति)के कर्मचारी किसानों की बात सुनेंगे।
रिंग रोड का काम शुक्रवार को शुरू कराया गया। शहरी क्षेत्र के हिसाब से मुआवजा मांग रहे किसानों ने भइयाराम गांव पहुंचकर विरोध जताया तो शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 48 किसानों को पुलिस ने पाबंद कर दिया। शनिवार को क्षेत्र के किसानों ने कैंपियरगंज तहसील पर आयोजित समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के सामने अपनी समस्या रखी थी। इस पर उन्होंने तहसील परिसर में हेल्प डेस्क बनाने को कहा। हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी कम मुआवजा मिलने, भूमि अधिग्रहण के संबंध में अन्य समस्याओं का समाधान करेेंगे।
अधिक भूमि का अधिग्रहित करने का आरोप
किसानों का कहना है कि जितनी भूमि का अधिग्रहण किया जाना तय हुआ था। उससे अधिक जमीन ली जा रही है। क्षेत्र के जितेंद्र कुमार सहानी, छोटेलाल, बहादुर, कपिलदेव सहित अन्य लोगों ने बताया कि गजट के अनुसार जितनी भूमि अधिग्रहित की जानी थी। एनएचएआई के कर्मचारी उससे अधिक भूमि लेकर निर्माण करा रहे हैं। गजट में उनकी भूमि के जिस गाटा संख्या का जिक्र भी नहीं है। उसका अधिग्रहण किया जा रहा है।
किसानों की जो भी समस्याएं आएंगी। हेल्प डेस्क पर सुनकर उनका समाधान किया जाएगा। न्यायिक मध्यस्थता, अधिक भूमि अधिग्रहित करने, कम मुआवजा सहित अन्य मामलों की जानकारी लेकर संभव सहयोग किया जाएगा। : शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, कैंपियरगंज