गोरक्षनगरी की तीन और सड़कें अगले माह तैयार हो जाएंगी। इससे काफी हद तक शहरवासियों को जाम से निजात मिलेगा। इसमें से देवरिया बाईपास स्थित वाणिज्य कार्यालय से नौकायन होते हुए चिड़ियाघर तक बनने वाली फोरलेन लगभग तैयार है। वहीं मोहद्दीपुर से पैड़लेगंज रिंग रोड पर भी केवल एक पुलिया निर्माण का काम बाकी है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में इन दोनों सड़कों पर पेंटिंग का कार्य शुरू हो जाएगा।
रविवार को दोपहर 1:05 बजे नौकायन से चिड़ियाघर तक निर्माणाधीन फोरलेन सड़क में बौद्ध संग्रहालय के पास पुलिया निर्माण का काम चल रहा था। मजदूर पुलिया के एप्रोच पर गिट्टी डाल रहे थे। पुलिया के दोनों तरफ की सड़क बनकर तैयार है। सड़क चौड़ी होने की वजह से गाड़ियों को आने-जाने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही।
दोपहर 1:20 बजे वाणिज्य कार्यालय से नौकायन वाली सड़क पर दिग्विजय नाथ पार्क के पास भी पुलिया निर्माण का काम चल रहा था। बता दें, चिड़ियाघर से नौकायन व वाणिज्य कार्यालय से नौकायन तक पीडब्ल्यूडी करीब 37 करोड़ रुपये से 2.175 किमी लंबे फोरलेन का निर्माण करवा रहा है। इन दोनों सड़कों का काम अप्रैल तक पूरा हो जाएगा।
रिंग रोड बनने से नहीं लगेगा जाम
मोहद्दीपुर से पैडलेगंज तक रामगढ़ताल के किनारे बन रहे टू लेन रिंग रोड की सौगात शहरवासियों को नए वर्ष में जनवरी तक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब यह अप्रैल में ही पूरा होगा। रविवार दोपहर 1:40 बजे कुनराघाट के रहने वाले अभिषेक बाइक से नौकायन की तरफ जा रहे थे।
अभिषेक ने कहा कि इस रोड के शुरू हो जाने से काफी राहत मिलेगी। काम में थोड़ी सुस्ती है। फिलहाल पूरी सड़क पर गिट्टी बिछ गई है। पैड़लेगंज के पास एक पुलिया का निर्माण होना है। गिट्टी बिछ जाने से छोटे वाहन कुनराघाट स्थित आरकेबीके से इस रास्ते आ रहे हैं। रोड के शुरू हो जाने से लोगों को मोहद्दीपुर में जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
वे सीधे पैड़लेगंज पहुंच जाएंगे। मोहद्दीपुर-पैडलेगंज रिंग रोड की लंबाई 2.66 किलोमीटर है। यह सड़क 10.5 मीटर चौड़ी बनाई जा रही है। जीडीए के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर गिट्टी बिछाने का काम पूरा हो गया है। अप्रैल के अंतिम तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
स्थानीय निवासी आकाश सिंह ने बताया कि मोहद्दीपुर से पैड़लेगंज रिंग रोड के बन जाने से हम लोगों को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। अभी तक मोहद्दीपुर में काफी जाम लगता था। बीच में काम थोड़ा धीरे जरूर हो गया था, लेकिन अब लग रहा जल्द पूरा हो जाएगा।
राहगीर हिमांशु चंद कौशिक ने बताया कि नौकायन से देवरिया बाईपास तक फोरलेन पूरा होने से बहुत राहत हो गई है। केवल पुलिया का काम बाकी है। हालांकि, रोड चौड़ी होने से वाहनों की गति भी बढ़ गई है जिससे हादसे का खतरा है। लोगों को स्पीड को काबू में रखकर चलना चाहिए।