- इलेक्ट्रिक बस के कर्मचारियों को होगा बीमा
- बसों के औचक निरीक्षण के लिए खरीदे जाएंगे वाहन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। इलेक्ट्रिक बस संचालन समिति की बैठक बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में हुई। मंडलायुक्त ने महानगर को मिलने वाली 25 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए नए रूट निर्धारित करने के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड के सदस्यों ने बेहतर कमाई करने वाले परिचालकों को प्रोत्साहित करने और तैनात कर्मचारियों के बीमा पर चर्चा करने के बाद प्रस्ताव पर सहमति जताई। अब सभी कर्मचारियों का बीमा किया जाएगा। इसके लिए सुझाव प्रस्तुत करने के लिए भी एक टीम गठित की गई है।
इलेक्ट्रिक बसों की समुचित औचक जांच नहीं हो पा रही थी। बोर्ड ने सघन जांच अभियान चलाने के लिए एक वाहन खरीद का प्रस्ताव पास किया। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन, आय-व्यय और अन्य मुद्दों की भी समीक्षा की गई। बैठक में पीके तिवारी, संभागीय परिवहन अधिकारी वीके सिंह आदि मौजूद रहे।