- सोलर पॉवर प्लांट के साथ इस भवन का भी मुख्यमंत्री करेंगे 15 फरवरी को उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ट्रामा सेंटर के सामने की पुरानी बिल्डिंग की जगह नया अकादमिक भवन बनेगा। चार मंजिला इसी भवन में प्रशासनिक कार्यालय भी होगा। इसके अलावा ऑडिटोरियम व लाइब्रेरी हाल भी बनेगा। इसके लिए कार्यदायी एजेंसी भी नामित हो चुकी है। उम्मीद है कि 15 फरवरी को मुख्यमंत्री इस भवन की आधारशिला रखेंगे।
मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की सीटें अब बढ़कर 150 हो चुकी हैं, जबकि कॉलेज के स्थापना के समय केवल 50 सीटें ही थीं। पुराने भवन में अब और अधिक विस्तार की गुंजाइश नहीं है। वहींं, छात्रों की बढ़ती संख्या के चलते दिक्कत आने लगी है। यूजी की तरह ही पीजी की सीटें भी बढ़ रही हैं। इसे देखते हुए 200 छात्रों की पढ़ाई क्षमता को ध्यान में रखते हुए नए अकादमिक भवन का प्रस्ताव भेजा गया था।
यह भवन ट्रामा सेंटर और वर्तमान मेडिकल कॉलेज के बीच की बेकार पड़ी पुरानी मोर्चरी को तोड़कर बनाई जाएगी। चार मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर पर प्रशासनिक भवन होगा जबकि प्रथम तल पर लाइब्रेरी हाल प्रस्तावित है। भवन के निर्माण पर कुल 60 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इसके निर्माण में लगभग दो साल का समय लगेगा।
शिलान्यास के बाद तोड़ी जाएगी पुरानी बिल्डिंग
जिस जगह पर यह भवन प्रस्तावित है, वहां पुरानी मोर्चरी की बिल्डिंग है। इसके आगे कुछ दुकानें भी हैं। बताया जा रहा है कि 15 फरवरी को मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान इसका शिलान्यास करा दिया जाएगा। इसके बाद वर्तमान भवन को तोड़ने का काम शुरू होगा। जगह खाली होने के बाद इस पर नया निर्माण कराया जाएगा।
कोट-
नए अकादमिक भवन के बजट को मंजूरी मिलने व कार्यदायी संस्था नामित होने की जानकारी है। इसके शिलान्यास की भी अनौपचारिक सूचना मिली है, लेकिन कार्यदायी एजेंसी की तरफ से अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। नए भवन के निर्माण से यूजी में 200 छात्रों की पढ़ाई की व्यवस्था हो सकेगी। अभी क्लास चलाने में दिक्कत आ रही है।
डॉ. सुनील आर्य, प्राचार्य, बीआरडी मेडिकल कॉलेज