गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ डीजल लॉबी ब्रांच के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को कर्मचारी नेता विनोद राय से मुलाकात की एवं लखनऊ मंडल में व्याप्त रनिंग स्टाफ के उत्पीड़न के संबंध में बताया। कहा कि लखनऊ मंडल के रनिंग स्टाफ को प्रशासन की ओर से निरंतर तुगलकी फरमान दिया जा रहा है। जिसमें लोको पायलट, सहायक लोको पायलट एवं गार्ड को पर्याप्त रेस्ट दिए बिना गाड़ी चलवाई जा रही है। मंडल के वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (ओ पी) रेलवे बोर्ड के मानकों का पालन किए बिना तुगलकी आदेश दे रहे हैं।
कहा कि रेलवे के लोको पायलट रेल परिचालन की रीढ़ है। इन रनिंग कर्मचारियों को 16 घंटे का हेड क्वार्टर रेस्ट भी नहीं दिया जा रहा है। 14 घंटे का रेस्ट देकर उनसे गाड़ी चलवाई जा रही है। यदि कोई लोको पायलट अपनी किसी व्यक्तिगत समस्या, परिवार के किसी सदस्य के अस्वस्थ होने पर ड्यूटी नहीं आ पा रहा है तो उसे तुरंत सस्पेंड कर देने का आदेश दिया जा रहा है।
राय ने कहा कि जब समस्याओं पर बात करने के लिए सीनियर डीई (ओपी) को फोन किया जाता है तो वह फोन नहीं उठाते हैं। राय ने मंडल रेल प्रबंधक से अनुरोध किया है कि लखनऊ मंडल में रनिंग स्टाफ के उत्पीड़न को तुरंत बंद करवाया जाए अन्यथा संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।