मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं के प्रवेश पर नेपाल प्रशासन ने लगाई रोक
निचलौल/महराजगंज। मौनी अमावस्या पर नेपाल के नवलपरासी जिले के गंडक नदी के त्रिवेणी घाट पर मेला लगता है। मेले में भीड़ को देखते हुए नेपाल प्रशासन ने बुधवार सुबह से ही नेपाल में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं पर रोक लगा दी। दूरदराज से श्रद्धालु बॉर्डर पर पहुंचकर नेपाल में प्रवेश करने के लिए डटे रहे, लेकिन बॉर्डर पर नेपाल प्रशासन की सख्ती से शाम तक भारतीय श्रद्धालुओं को नेपाल में प्रवेश नहीं मिला। परेशान कुछ श्रद्धालुओं ने कुशीनगर जिले के छितौनी घाट के लिए रुख कर लिया। एसएसबी झुलनीपुर बीओपी के उपनिरीक्षक मोहन सिंह ने बताया कि मौनी अमावस्या पर नेपाल के गंडक नदी स्थित त्रिवेणी घाट पर लोग स्नान करने के लिए पहुंचते हैं। नेपाल प्रशासन ने भारतीय श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी है, जिसके चलते भीड़ जुटी रही। बॉर्डर पर पहुंचे श्रद्धालुओं को समझाकर वापस घर भेजा जा रहा है। संवाद