जीडीए इन गांवों की भूमि को निर्धारित सर्किल रेट 85 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से खरीदेगा। सर्किल रेट की चार गुनी रकम काश्तकारों को दी जाएगी। जीडीए ने क्रय के लिए मानीराम में 54.984 हेक्टेयर, रहमतनगर में 15.958 हेक्टेयर, सोनबरसा में 25.260 हेक्टेयर और बालापार में 62.175 हेक्टेयर भूमि खरीद के लिए चिह्नित किया है।
गोरखपुर। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) नया गोरखपुर के लिए चिह्नित चार गांवों मानीराम, रहमतनगर, सोनबरसा और बालापार में काश्तकारों से सीधे बातचीत कर भूमि खरीदेगा। बातचीत के लिए अधिकारियों की आठ टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें गांवों में जाकर बातचीत कर मुआवजा पर भूमि बिक्री करने के लिए काश्तकारों को राजी करेंगी।
विज्ञापन
जीडीए ने नया गोरखपुर के लिए कुशीनगर और पिपराइच रोड पर 25 गांवों को चिह्नित किया है। इसमें प्रथम चरण में कुशीनगर रोड पर माड़ापार, कोनी, तकिया मेदनीपुर गांव में भूमि खरीदने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है। दूसरे चरण में पिपराइच रोड पर मानीराम, रहमतनगर, सोनबरसा और बालापार के करीब 158.377 हेक्टेयर भूमि की खरीद की तैयारी शुरू कर दी गई है।
जीडीए इन गांवों की भूमि को निर्धारित सर्किल रेट 85 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से खरीदेगा। सर्किल रेट की चार गुनी रकम काश्तकारों को दी जाएगी। जीडीए ने क्रय के लिए मानीराम में 54.984 हेक्टेयर, रहमतनगर में 15.958 हेक्टेयर, सोनबरसा में 25.260 हेक्टेयर और बालापार में 62.175 हेक्टेयर भूमि खरीद के लिए चिह्नित किया है।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन। (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला।
भूमि खरीद की धीमी प्रक्रिया पर अपर मुख्य सचिव ने जताई नाराजगी
जीडीए की ओर से चिह्नित नया गोरखपुर के लिए गांवों में भूमि खरीद की धीमी प्रक्रिया पर अपर मुख्य सचिव आवास एवं शहरी नियोजन ने नाराजगी व्यक्त की है। इसके बाद जीडीए ने इन गांवों में खरीद की प्रक्रिया तेज कर दी है।
तीन गांवों में भूमि अधिग्रहण की तैयारी
नया गोरखपुर के लिए कुशीनगर रोड पर चिह्नित तीन गांव माड़ापार, कोनी और तकिया मेदनीपुर में बातचीत के बाद आपसी सहमति से भूमि देने के लिए काश्तकारों के राजी नहीं होने पर अब भूमि अधिग्रहण की तैयारी शुरू कर दी गई है। जीडीए ने भूमि आधिपत्य विभाग को 300 करोड़ भेज दिए हैं। जिला प्रशासन ने इन तीनों गांवों में धारा चार के तहत भूमि अधिग्रहण के लिए शासन को पत्र भी भेज दिया है।
जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि नया गोरखपुर के लिए काश्तकारों से बातचीत कर आपसी सहमति से भूमि खरीद के लिए टीम गठित कर दी गई है। मानीराम, रहमतनगर, सोनबरसा और बालापार में मुआवजा लेकर जमीन देने के लिए किसानों को राजी किया जाएगा।
वहीं, कुशीनगर रोड के तीन गांव माड़ापार, कोनी व तकिया मेदनीपुर में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए एसएलओ ऑफिस को 300 करोड़ रुपया भेज दिए गए हैं।