- अवधूत छबीले राम कन्याओं के पखारे पांव, कराया भोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। अघोर पीठ में नवमी पूजन विधि विधान पूर्वक संपन्न हुआ। सर्वप्रथम अघोर पीठ के पीठाधीश्वर ने नवमी का हवन संपन्न किया। उसके बाद उपस्थित भक्तों ने अपने गुरुदेव का मातृ रूप में महाश्रृंगार करके उनकी महाआरती उतारी तथा माता के रूप में अपने गुरु का पूजन अर्चन किया।
उसके पश्चात गुरुदेव ने नौ देवी के रूप में कन्याओं और बटुक भैरव का पांव प्रक्षालन कर उनको सम्मान पूर्वक यथोचित स्थान पर बैठाया तथा अपने हाथों से उन्हें भोजन कराया। उन्हें वस्त्र उपहार तथा दक्षिणा प्रदान करके प्रत्येक के चरण छूकर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पूरा आश्रम परिसर हर हर महादेव जय मां गुरु जय मां सर्वेश्वरी जय बाबा कीनाराम आदि की जयघोष से गुंजायमान हो रहा था।
गुरुदेव के कन्या एवम् बटुक भैरव पूजन अर्चन के पश्चात उपस्थित सैकड़ो की संख्या में भक्तों ने पंक्तिबद्ध होकर नौ देवियों एवं बटुक भैरव को यथोचित दान दक्षिणा प्रदान करके मिष्ठान एवं नाना प्रकार के पकवानों का भोग लगाया एवं उन्हें प्रणाम किया।
तत्पश्चात सहभोज में उपस्थित सैकड़ों की संख्या में सभी भक्तों ने बैठकर भोग प्रसाद ग्रहण किया।