अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल के नरकटियागंज-पनियहवा रेल खंड पर ब्लॉक लिए जाने के कारण तीन पैसेंजर ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसके अलावा सात एक्सप्रेस ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी। कुछ ट्रेनें अपनी यात्रा बीच रास्ते में ही समाप्त करेंगी।
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को नरकटियागंज से चलने वाली नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट अनारक्षित विशेष गाड़ी निरस्त रहेगी। इसके अलावा गोरखपुर कैंट-नरकटियागंज अनारक्षित स्पेशल और नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट अनारक्षित स्पेशल ट्रेन भी निरस्त रहेगी। इसके अलावा गोरखपुर से 22 अगस्त को चलने वाली गोरखपुर-कोलकाता साप्ताहिक एक्सप्रेस गोरखपुर-बापूधाम मोतिहारी-मुजफ्फरपुर के स्थान पर गोरखपुर-छपरा-मुजफ्फरपुर के रास्ते चलाई जाएगी। श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा से चलने वाली श्री माता वैष्णो देवी कटरा-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग गोरखपुर-नरकटियागंज-रक्सौल- सीतामढ़ी-समस्तीपुर के स्थान पर गोरखपुर-छपरा- मुजफ्फरपुर -समस्तीपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इसके चलते बृहस्पतिवार को यह ट्रेन कप्तानगंज, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, लहेरियासराय स्टेशनों पर नहीं रूकेगी। वहीं बापूधाम मोतिहारी से बृहस्पतिवार को चलने वाली बापूधाम मोतिहारी-आनन्द विहार टर्मिनस द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस एक घंटे देर से चलेगी।