व्यापारियों ने चेयरमैन को बताईं नगर की समस्याएं
देवरिया। जनपद व्यापार मंडल व नगर पालिका अधिकारियों की समन्वय बैठक बुधवार को पं. दीनदयाल सभागार में हुई। इसमें व्यापारियों ने नगर की समस्याओं पर चेयरमैन व ईओ का ध्यान आकृष्ट कराया। अध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल के दौरान सफाई व्यवस्था बदहाल होने, अतिक्रमण व जाम की समस्या के चलते नगरवासियों का जीवन नारकीय हो गया है। कुछ घंटे बरसात के बाद सड़कें नाले का रूप ले रही हैं। उन्होंने नालों की नियमित सफाई कराने, मालवीय रोड, कसया रोड पर ओवरब्रिज के नीचे रखी गई गुमटियों को हटवाकर पार्किंग की व्यवस्था कराने समेत 16 मांगों को अध्यक्ष के समक्ष रखा। चेयरमैन अलका सिंह ने व्यापारियों को शीघ्र समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान कर निर्धारण अधिकारी शशिकला, जीवन लाल बरनवाल, प्रेम अग्रवाल, रमेश वर्मा, आनंद अग्रवाल, अमन अग्रवाल, संतोष बरनवाल, विमल पोद्दार, पंकज बरनवाल आदि मौजूद रहे।