नर्सिंग छात्रा को इंस्टाग्राम पर बना दोस्त दो माह से ब्लैकमेल कर मिलने का दबाव बना रहा था। मना करने पर आपत्तिजनक तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
कुशीनगर जिले की रहने वाली पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर चिलुआताल थाना पुलिस सोमवार की सुबह चंदौली निवासी आरोपी विनय शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। एसपी उत्तरी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कुशीनगर की रहने वाली युवती ने प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि शहर में किराए पर कमरा लेकर वह नर्सिंग की पढ़ाई करती है।
इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती चंदौली जिले के बबुरी छितौनी गांव में रहने वाले विनय शर्मा से हुई थी। चैटिंग के जरिए नंबर मिलने के बाद दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। आरोपी ने इंस्टाग्राम से छात्रा की पर्सनल फोटो ले ली। एआई के जरिए आपत्तिजनक तस्वीर बनाकर दो माह से विनय उसे ब्लैकमेल कर रहा था।
मिलने और बात करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर जान से मारने की धमकी भी देता था। महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर शिकायत की, लेकिन इसके बाद भी आराेपी की हरकत बंद नहीं हुई। केस दर्ज कर चिलुआताल थाना पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। सोमवार को बरगदवा के पास लोकेशन मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।