कमीशन का आरोप : सोमवार सुबह से ही नगर निगम सदन में चलता रहा हंगामा, ठेकेदारों ने लगाया धमकाने का आरोप
शाम को कांट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने एसएसपी को दिया शिकायत पत्र, कानूनी कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। निर्माण कार्यों में कमीशन लिए जाने के आरोपों से बौखलाए पार्षदों ने सोमवार को नगर निगम परिसर के ठेकेदार भवन के सामने जमकर हंगामा किया।
दोपहर 12 बजे पार्षद ठेकेदार कक्ष के सामने पहुंचे। अंदर बैठे ठेकेदारों को कमरे से बाहर निकाला। कमरे के बाहर पार्षदों और ठेकेदारों के बीच कमीशन के लगाए आरोपों पर सवाल-जवाब हुए। तल्ख माहौल में अधिकारी के सामने बैठकर आरोपों पर चर्चा होने की बात बोलकर पार्षद ठेकेदारों को अपने साथ लेकर वहां से चले गए।
इसी बीच पहले से पार्षदों के साथ तैयार होकर आए दो पार्षद अभिषेक शर्मा और शिवेंद्र मिश्रा ने कमरे के बाहर ताला लगा दिया। ठेकेदार लिखा बोर्ड तोड़कर फेंक दिया। पूरी घटना से डरे ठेकेदारों ने देर शाम एसएसपी को शिकायती पत्र देकर कानूनी कार्रवाई की अपील की है।
दरअसल, पार्षदों की नाराजगी का कारण था कि उन पर ठेकेदारों ने कमीशन का आरोप लगाया था। पार्षदों का कहना था कि अगर किसी ने कमीशन की बात की होगी तो सीधे उनपर आरोप लगाए होते। ठेकेदारों ने साजिश के तहत सभी पार्षदों की छवि खराब की है।
कुल 80 वार्डों में कई पार्षद पहली बार चुनकर आए हैं। ठेकेदारों को लेकर पार्षद नए भवन की तरफ आए। थोड़ी देर के लिए अचानक माहौल तल्ख हो गया।
इसी बीच देवेंद्र गौड़ पिंटू, अजय राय और जियाउल इस्लाम बीच-बचाव कर ठेकेदारों को लेकर सीधे अपर नगर आयुक्त के कमरे में पहुंचे। वहां इन्हीं तीनों पार्षदों के साथ ठेकेदारों और अपर नगर आयुक्त के बीच चर्चा चली।
इसी बीच अचानक बड़ी संख्या में पार्षदों का दल अपर नगर आयुक्त के कमरे में पहुंच गया। इन सब के बीच आधे घंटे बाद ठेकेदारों को वहां से निकाल कर गाड़ी तक पहुंचाया गया।
इसके बाद सदन हाल में पार्षदों ने बैठक कर नगर आयुक्त से मामले की जांच करवाकर सख्त कार्रवाई की अपील की। आत्माराम नगर वार्ड के पार्षद अभिषेक शर्मा ने बताया कि अभी उनके वार्ड में विकास कार्यों का प्रस्ताव ही नहीं तैयार हो सका है। पिछले दस दिन पहले सदन की बैठक में वार्ड में धन का आवंटन हुआ था। ऐसे में जब काम ही नहीं निकला तो कमीशन कैसे लिया जा सकता है? कल्याणपुर वार्ड के शिवेंद्र मिश्रा ने कहा कि अगर सार्वजनिक तौर पर ठेकेदारों ने अपने आरोपों को वापस लेते हुए माफी नहीं मानी तो जरूरत पड़ी तो कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
अपर नगर आयुक्त के कमरे में ही घेर लिया : वेद मिश्रा
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा के कमरे में बातचीत के दौरान ही अचानक बड़ी संख्या में पार्षद आ गए। आरोप लगाने वाले ठेकेदार संघ के वेद प्रकाश मिश्रा ने बताया कि पार्षदों ने हमें घेर लिया था। जबरदस्ती कमरे से बाहर निकाला। अपर नगर आयुक्त के यहां बातचीत के दौरान पार्षदों का दल कमरे में घुसकर उन्हें डराने-धमकाने लगा।
सीसीटीवी की जांच कर लें, आरोपों की सत्यता पता चल जाएगी : जियाउल
ठेकेदारों के आरोपों पर पूर्व उपसभापति जियाउल इस्लाम, अजय राय और कार्यकारिणी के सदस्य देवेंद्र गौड़ पिंटू ने कहा कि पूरे भवन में सीसीटीवी कैमरा लगा है। किसी ने भी ठेकेदारों से अगर कोई दुर्व्यवहार किया होगा तो कैमरे में रिकाॅर्ड होगा। पहले कमीशन का आरोप मनगढ़ंत तरीके से लगा दिया। आरोपों पर जब बात करने के लिए गए तो अब दूसरा आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने ही अधिकारियों के सामने बातचीत करने का प्रस्ताव रखा था। तब अपर नगर आयुक्त के साथ बैठक हुई थी।
यह है पूरा मामला
गोरखपुर। नगर निगम के ठेकेदारों की संस्था कांट्रैक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने गंभीर आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल को ज्ञापन सौंपा है। आरोप लगाया है कि विकास कार्यों में पार्षद से लेकर मुख्य अभियंता तक कमीशनखोरी चलती है। काम शुरू होने से पहले ही इन अधिकारियों को कमीशन देना पड़ता है। इसके बाद ही काम शुरू कर पाते हैं। कमीशन न दिए जाने पर पार्षद, अधिकारी ठेकेदारों को प्रताड़ित करते हैं। सभी के कमीशन का प्रतिशत भी शिकायती पत्र में लिखा था।