अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के साथ प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल डीके सिंह व अन्य
- फोटो : अमर उजाला
गोरखपुर नगर निगम अपनी जमीन पर हुए कब्जे पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। पिछले चार महीने में अभियान चलाकर 64 एकड़ जमीन को सुरक्षित किया है। दो दिनों में अपनी करोड़ों की 1.556 हेक्टेयर जमीन को भी कब्जे से मुक्त करवा दिया।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में टीम ने जंगल तिनकुनिया नंबर एक, सेमरा देवी प्रसाद और नौसड़ में यह कार्रवाई की है। शनिवार को जंगल तिनकुनिया की जमीन तार फेंसिंग कराकर सुरक्षित भी कर ली गई है। अब सोमवार से सेमरा देवी प्रसाद और नौसड़ की जमीन को भी सुरक्षित किया जाएगा।
किराए पर दे दी निगम की जमीन
अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि शनिवार को टीम ने नौसड़ में गोरखपुर-वाराणसी मुख्य मार्ग के किनारे स्थित 500 वर्ग मीटर जमीन से कब्जा हटाया गया। यहां पर पिंटू नाम के व्यक्ति ने इस जमीन को किराए पर दे दिया था, जहां व्यवसायिक गतिविधि संचालित हो रही थी।
इसी तरह जंगल तिनकुनिया नंबर एक में नगर निगम की जमीन पर पप्पू जायसवाल व रमाकांत यादव ने खेती करने के साथ ही पिलर लगाकर कब्जा कर लिया था। शिकायत पर शुक्रवार को पहुंची टीम ने कब्जा हटाया। इसी क्रम में टीम ने सेमरा देवी प्रसाद में भी कार्रवाई की है।
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि निगम की और भी कुछ जगहों पर जमीन चिह्नित की गई है, जहां लोगों ने कब्जा जमा रखा है। जल्द ही इसे भी खाली कराया जाएगा। पहले से चिह्नित कुछ जमीनों के मामले में विधिक कार्रवाई पूरी हो गई है। इन्हें भी जल्द ही कब्जा मुक्त करा लिया जाएगा।