गोरखपुर। 70वीं तहसील व जनपदीय स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में विभिन्न तहसीलों व विद्यालयों की हॉकी टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान जनपद की हॉकी टीम का चयन भी किया गया। तहसील स्तर के अंडर-17 बालक वर्ग में एमएसआई इंटर कॉलेज और महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। एमएसआई इंटर कॉलेज की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज को 3-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि एमएसआई इंटर कॉलेज के प्रबंधक महबूब सईद हारिस और प्रधानाचार्य मुख्तार अहमद ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मंडलीय क्रीड़ा सचिव अरुणेंद्र राय, जनपदीय क्रीड़ा सचिव संतोष सिंह, अभय प्रताप, हरिश्चंद्र यादव, अमीरुद्दीन अंसारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।