संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। बिजली निगम ने बिलिंग व्यवस्था में संशोधन किया है। अब 5 से 9.99 किलोवाट के कनेक्शनों पर भी लगे बिजली मीटर पर एमआरआई (मीटर रीडिंग इंस्ट्रूमेंट) बिलिंग की जाएगी। अभी तक 10 केवीए भार वाले कनेक्शनों से एमआरआई बिलिंग शुरू की जाती थी। अगले महीने से ये सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इससे बड़ी संख्या में बिजली निगम व उपभोक्ता दोनों को राहत मिलेगी।
पावर कारपोरेशन ने इसकी शुरुआत पिछले वर्ष ही कर दी थी। लेकिन, इसे ट्राॅयल के तौर पर शुरू किया गया था। रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद कारपोरेशन ने एमआरआई बिलिंग की श्रेणी में 5 से 9.99 किलोवाट के कनेक्शनों को शामिल किया है। अब घरेलू बिजली कनेक्शन से व्यावसायिक परिसर में उपभोक्ता अगर मीटर में छेड़छाड़ करेगा तो वह भी एमआरआई के दौरान पकड़ में आ जाएगा।
बार-बार असेसमेंट को लेकर हो रहे उपभोक्ताओं व बिजली विभाग में विवाद व बिजली उपभोग का सही निर्धारण नहीं होने के कारण एमआरआई की जरूरत पड़ी है। दूसरी इसकी बड़ी वजह यह है कि मीटर के एमआरआई होने से सही बिलिंग होने लगेगी। मुख्य अभिंयता आशु कालिया ने कहा कि एमआरआई बिलिंग कराने का निर्देश पावर कारपोरेशन की तरफ से दिया गया है। अगले महीने इसे शुरू करवाया जाएगा। परिसर में बिजली मीटरों की एमआरआई की जाएगी।