सिद्धार्थनगर। खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र के जनता आदर्श इंटर कॉलेज गौरा बाजार में रविवार को सांसद जगदंबिका पाल ने चार लाख की लागत नवनिर्मित बाउंड्रीवाल का लोकार्पण किया। इसके साथ ही छह सेवानिवृत्त शिक्षकों को विदाई दी।
सांसद ने कहा कि शिक्षक सदैव समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं और देश के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। बिना शिक्षक के न तो हम अच्छे सांसद बन सकते थे और न ही कोई अच्छा अधिकारी बन सकता है। इसलिए गुरुजनों का सम्मान सदैव सर्वोपरि होता है। सेवानिवृत्त होने वाले सभी गुरुजन बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि इतने पुराने इंटर कालेज में बाउंड्रीवाल का न होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन आज इसके लोकार्पण से बाउंड्रीवाल की कमी पूरी हो गई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य कुंवर आनंद सिंह ने कहा कि 70 वर्ष पूर्व किस परिस्थिति में विद्यालय का निर्माण किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त छह अध्यापकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रबंधक कृष्ण पाल सिंह, आनंद सिंह, अमित सिंह, ठाकुर प्रसाद तिवारी, कुलदीप दुबे, अमरनाथ सिंह, राजीव कुमार सिंह, देवेश प्रताप सिंह, बालमुकुंद पांडेय आदि मौजूद रहे।