गोरखपुर। एम्स के प्रसुति रोग विभाग में बुधवार की आधी रात को नौ माह की गर्भवती को भर्ती कराया गया। रक्तस्राव के चलते महिला के अलावा गर्भस्थ शिशु की जान भी खतरे में थी। ऐसे में डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर जच्चा-बच्चा की जान बचाई। इस दौरान उसे एम्स के ब्लड बैंक से चार यूनिट ब्लड भी उपलब्ध कराया गया।
एम्स प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार रात करीब 1:00 बजे गर्भवती को अस्पताल लाया गया। जांच में यह पाया गया कि प्लेंसेटा जुड़ा होने की वजह से रक्तस्राव हो रहा है। डॉ. सृष्टि जायसवाल के नेतृत्व वाली डॉक्टरों की टीम ने निर्णय लिया कि हिस्टेरेक्टॉमी (बच्चेदानी निकालने) निकालने से ही जान बच सकती है। ऑपरेशन के दौरान 4 यूनिट रक्त और 4 यूनिट एफएफपी चढ़ाया गया, जो ब्लड बैंक से उपलब्ध कराया गया। ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की हालत में अब सुधार हो रहा है। महिला प्रसूति पोस्ट-ऑपरेटिव वार्ड में और बच्चा शिशु रोग विभाग की देखरेख में है।