नगर आयुक्त का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर मांगे रुपये। स्रोत : सोशल मीडिया
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। ठग ने आईडी पर नगर आयुक्त की फोटो भी लगाई है। मामला सामने आने के बाद नगर आयुक्त ने कर्मचारियों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही पुलिस को भी सूचना दे दी है।
जानकारी के अनुसार, नगर निगम के एक कर्मचारी के पास एक नंबर से मैसेज आया। इस पर नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल की फोटो लगी थी। फ्रॉड ने लिखा कि 'हेलो आप कैसे हैं और इस समय कहां हैं?' इस पर कर्मचारी ने जवाब दिया कि मैसेज देरी से देखने के लिए माफी चाहता हूं सर।
क्या आदेश है बताएं। इसके बाद ठग ने कहा कि 'मुझे आपसे एक जरूरी काम करवाना है, इसे तत्काल करें।' ठग ने कहा कि 'आपसे अनुरोध है कि मेरी ओर से किसी एग्जीक्यूटिव प्रॉस्पेक्ट्स अकाउंट में कुछ राशि जमा कर दें, क्योंकि इस समय मुझे अपनी ऑनलाइन बैंकिंग में समस्या आ रही है।
मैं बाद में आपको वह राशि वापस कर दूंगा। कृपया बताइए कि क्या यह संभव है, ताकि मैं यहां अकाउंट की जानकारी साझा कर सकूं।'''' कर्मचारी ने यह बात उच्चाधिकारियों को बताई तब जाकर इसकी जानकारी हो सकी। प्राथमिक जांच में यह नंबर वियतनाम का बताया जा रहा है।
दरअसल, एक साल पहले भी नगर आयुक्त के नाम का फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर रुपये मांगने का मामला सामने आया था। नगर आयुक्त ने कहा कि ऐसे फर्जी मैसेज से सतर्क रहें और इसको रिपोर्ट करते हुए ब्लॉक कर दें।