खोराबार क्षेत्र के एक गांव में सोमवार की देर रात दुष्कर्म के आरोपी अमरचंद निषाद की गला दबाकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि होने के बाद पुलिस उसके भाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस की जांच में पता चला कि सोमवार रात में युवक का परिजनों से विवाद हुआ था। सुबह कमरे में उसका शव मिला। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो गई।
अमरचंद निषाद पर 15 दिन पहले गांव की एक किशोरी से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया था। किशोरी के परिजन व गांव के लोगों की पिटाई से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। 10 दिन पहले बीआरडी मेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर घर लौटा था। सोमवार देर रात अमरचंद निषाद को गंभीर अवस्था में परिवार के लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोराबार ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के पहुंचने पर परिजनों ने किशोरी के परिवार की पिटाई से लगी चोट की वजह से अमरचंद की मौत होने का आरोप लगाया। अमरचंद की शादी हो चुकी है। उसकी पत्नी और दो बच्चे मायके में रहते हैं।
खोराबार पुलिस ने मामले की जांच की तो परिवार के लोगों की भूमिका संदिग्ध मिली। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।