मांग के अनुरूप सभी लैब में अत्याधुनिक उपकरण लगाने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के सभी लैब अब आधुनिक उपकरणों से अपडेट होेंगे। आठ करोड़ रुपये से लैब को अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित करने की कवायद शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। 26 फरवरी को वित्त समिति के अनुमोदन और 29 को प्रबंध बोर्ड की मंजूरी के बाद उपकरणों के खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इंजीनियरिंग के छात्रों का समय के साथ कदमताल के लिए सबसे जरूरी अत्याधुनिक उपकरणों से प्रयोग ही हैं। इनके दम पर ही प्रतिस्पर्धा में यहां के छात्र आगे रहेंगे।
10 विभागों से मांगा प्रस्ताव
विश्वविद्यालय में बीटेक में केमिकल इंजीनियरिंग, सिविल, कंप्यूटर साइंस, आईटी, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स की पढ़ाई होती है। इसके अलावा एमएससी गणित, भौतिकी और केमिस्ट्री की भी पढ़ाई होती है। ये सभी प्रायोगिक विषय हैं। इन विभागों के लैब में उपकरण तो हैं लेकिन ज्यादातर लैब आउटडेटेड हो चुके हैं या खराब हो चुके हैं। जो ठीक भी हैं वे बदलते समय की तकनीक के मुफीद नहीं बैठते। इस समस्या को देखते हुए कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने प्रायोगिक वाले सभी 10 विभागों से लैब के उपकरणों का प्रस्ताव मांगा था। सभी विभागों ने प्रस्ताव भेज दिया है।
कोट...
विश्वविद्यालय के सभी लैब में उपकरण पुराने हैं। शोध के लिए हाईटेक उपकरणों की जरूरत होती है। इसी के तहत विभागों से प्रस्ताव मांगेे गए थे। सभी विभागों का मिलाकर कुल आठ करोड़ रुपये का प्रस्ताव आया है। वित्त समिति और प्रबंध बोर्ड के एजेंडे में इसे शामिल कर लिया गया है। वित्त समिति के अनुमोदन पर प्रबंध बोर्ड की मुहर लगने के बाद मार्च में ही सभी उपकरणों की खरीदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- प्रो. जेपी सैनी, कुलपति