मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का पूरा परिसर अब सीसीटीवी कैमरे से लैस होगा। विश्वविद्यालय करीब एक हजार कैमरे लगवाने की तैयारी कर रहा है। एमएमएमयूटी में सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है।
सभी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए केंद्रीयकृत व्यवस्था बनाई जाएगी, ताकि एक ही जगह से निगरानी हो सके। आईटीआरसी में इसका कंट्रोल रूम बनाए जाने की योजना है। करीब सवा तीन सौ एकड़ में फैले विश्वविद्यालय परिसर के चारों तरफ बाउंड्री है।
इसे देखते हुए पूरी बाउंड्री को सीसी कैमरे की जद में लाने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय परिसर में अभी तक मेन गेट, पुराना प्रशासनिक भवन, आईटीआरसी, नए प्रशासनिक भवन के बेसमेंट और लाइब्रेरी आदि चुनिंदा जगहों पर ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
कैमरे लग जाने के बाद किसी भी कोने में कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखी तो उसे समय रहते काबू पाया जा सकेगा।
कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि पूरे परिसर को सीसीटीवी कैमरे से लैस करने के लिए डीपीआर बनवाया जा रहा है। इससे अनुशासन तो बनेगा ही वारदातों की आशंका भी कम होगी।