गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बृहस्पतिवार को मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने 100 टीबी मरीजों को गोद लिया। अटल भवन में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने मरीजों को पोषण पोटली वितरित कर पहल की शुरुआत की। विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभागाध्यक्ष और शिक्षक अधिकतम छह माह तक मरीजों को पोषण और भावनात्मक सहयोग देंगे। मरीजों और उनके परिवार को नियमित दवा लेने और उपचार का पूरा कोर्स करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। पहल में कुलपति, कुलसचिव, वित्त नियंत्रक समेत 20 अधिकारी और शिक्षक मरीजों की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश झा और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव समेत विश्वविद्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।