गलत पास लगाने के आरोप में एसपी सिटी ने पकड़ा, की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। भाजपा एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह के भतीजे की कार को गलत पास के इस्तेमाल में पकड़ा गया। कार को कैंट पुलिस ने सीज कर दिया है। दरअसल, विधायक के सचिवालय के पास का फर्जी और गलत इस्तेमाल करने पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसके पहले पांच वाहनों को सीज किया गया था। एक पूर्व मंत्री के बेटे पर केस भी दर्ज किया गया था।
मूल रूप से देवरिया जिले के रुद्रपुर, बेलकुंडा गांव निवासी डाॅ. रतनपाल सिंह देवरिया-कुशीनगर स्थानीय निकाय क्षेत्र के भाजपा एमएलसी हैं। सहारा इस्टेट निवासी उनके बड़े भाई चंद्रपाल सिंह के पुत्र अंकित शनिवार दोपहर अपनी कार लेकर किसी कार्य से गोलघर आए थे, जिस पर विधानसभा सचिवालय का पास लगा था।
सिपाही भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने निकले एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई की नजर पास पर पड़ी तो उन्होंने रोककर चेक किया, जिसमें पता चला कि पास की वैधता 2022 में ही खत्म हो चुकी है। वजह पूछने पर एमएलसी के भतीजे कोई जवाब नहीं दे सके। जिसके बाद कैंट पुलिस को एसपी ने कार्रवाई का निर्देश दिया और कार को सीज कर दिया गया।