पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके में मंगलवार रात बैग छीनकर भाग रहे बाइक सवार बदमाशों ने बुलेट में टक्कर मार दी। हादसे में बुलेट सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जंगल तुलसीराम बिछिया निवासी शाबिर अली मंगलवार रात पत्नी के साथ असुरन चौराहे पर बैग की सिलाई कराने गए थे। रात करीब 9:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। कौवाबाग पुलिस चौकी से करीब 50 मीटर पहले पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने महिला के हाथ से बैग छीन लिया और जेल बाईपास की ओर भागने लगे। शाबिर ने शोर मचाते हुए उनका पीछा किया। इसी दौरान बदमाशों की बाइक ने जंगल मातादीन निवासी शशांक सिंह और उनके चचेरे भाई अर्ग कुमार की बुलेट में टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बदमाश बाइक छोड़कर भाग गए। कुछ देर बाद तलाश करने पर पीड़ित दंपति को बैग फटा हुआ सड़क पर मिला। पुलिस ने बदमाशों की बाइक कब्जे में ले ली है। थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि बैग छीनने की घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली थी। दुर्घटना की सूचना पर कार्रवाई की गई है और बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है।