-न्यूनतम तापमान बढ़कर पहुंचा 17.2 डिग्री सेल्सियस
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। मौसम में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले तीन दिन में न्यूनतम तापमान में करीब दो से ढाई डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शनिवार की रात में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जिसके चलते रात में लोगों को ठंड का अहसास कम हुआ। वहीं शनिवार को दिन में प्रदूषण के चलते आसमान में धुंध छाए रहने से अधिकतम तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई।
चार-पांच दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। शनिवार की रात न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है।
हालांकि शनिवार को दिन में प्रदूषण के चलते आसमान में धुंध छाए रहने से सूरज की किरणों का असर कम रहा। जिसके परिणाम स्वरूप अधिकतम तापमान में शुक्रवार की अपेक्षा कमी दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शनिवार की सुबह धुंध के चलते शहर में प्रमुख सड़कों पर लोग गाड़ी की लाइट जला कर वाहन चलाते दिखे।