माइक्रो प्लान से करेंगे कोरोना की रोकथाम घर-घर जाएंगी स्वास्थ्य विभाग की टीम हॉट-स्पॉट इलाका बनने पर तीन किलोमीटर के दायरे में बनाए जाएंगे जोन अमर उजाला ब्यूरो गोरखपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पल्स पोलिया अभियान की तरह माइक्रो प्लान जिले में लागू होगा। अगर हॉट-स्पॉट या फिर कंटेनमेंट जोन बनता है तो तीन किलोमीटर के दायरे को अलग-अलग सेक्टरों में बांटते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर सबका ब्योरा इकट्ठा करेगी। एक सेक्टर में 250-300 घर रखे जाएंगे। शासन के निर्देश पर जिले में इसकी तैयारी भी शुरू कर दी गई है। हर एक सेक्टर में तीन सदस्यीय पांच टीमें लगाई जाएंगी। इनमें आशा, आंगनबाड़ी, एएनएम और क्षेत्र की पोलियो वर्कर टीमें शामिल रहेंगी। हर सेक्टर में कामकाज की निगरानी के लिए एक सुपरवाइजर भी मौजूद रहेगा। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें काम कर रही है। अगर हॉट-स्पॉट एरिया जिले में कही बनता है तो उसके तीन किलोमीटर के रेडिएस में आने वाले गांवों के एक-एक घर की जांच कराई जाएगी।