गोरखपुर। एमजी इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने 70वीं माध्यमिक विद्यालयी प्रदेशीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विजेता ट्रॉफी अपने नाम की है। विद्यालय के खिलाड़ियों ने यह ट्रॉफी विद्यालय के प्रबंधक मंकेश्वर नाथ पांडेय और प्रधानाचार्य डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव को सौंपी। यह प्रतियोगिता 23 सितंबर से 26 सितंबर तक बरेली में आयोजित की गई थी, जिसमें गोरखपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए एमजी इंटर कॉलेज के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के टेबल टेनिस के विजेता छात्र करण निषाद, कृष्णा और अखिल ने शारीरिक शिक्षक विवेकानंद मिश्र और प्रशिक्षक संजय कुमार शर्मा के साथ मिलकर ट्रॉफी प्रबंधक और प्रधानाचार्य को भेंट की। इस उपलब्धि पर प्रबंधक और प्रधानाचार्य ने खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रबंधक मंकेश्वरनाथ पांडेय ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित कृष्णा और अखिल को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अच्छे प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के निदेशक ओपी सिंह, डॉ. राजेश श्रीवास्तव, सुशील त्रिपाठी आदि उपस्थित रहे।