एमपी पीजी कॉलेज, जंगल धूसड़ में हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
गोरखपुर। महाराणा प्रताप महाविद्यालय, जंगल धूसड़ में मंगलवार को इतिहास विभाग द्वारा विद्यार्थियों में शोध दृष्टि उत्पन्न करने एवं अपने विचारों को आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत करने की क्षमता का विकास करने के उद्देश्य से शोध व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में बीए द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें प्रथम स्थान पर मारूति नंदन मिश्रा, द्वितीय स्थान पर ज्योति प्रजापति और तृतीय स्थान पर राहुल कुमार रहें। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. सुधा शुक्ला, डॉ. दीपशिखा नागवंशी व दीप्ति गुप्ता रहीं। कुल 13 विद्यार्थियों ने शोध व्याख्यान प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम संयोजक अनूप कुमार पांडेय ने कहा कि इस प्रकार की प्रतिस्पर्धा विद्यार्थियों में स्वस्थ शैक्षिक प्रतियोगिता का भाव निर्मित करती हैं। शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऐसी प्रतियोगिताएं प्रत्येक शिक्षण संस्थाओं में होनी ही चाहिए। कार्यक्रम में इतिहास विभाग की सहायक आचार्य डॉ. अर्चना गुप्ता के साथ इतिहास विभाग के 60 विद्यार्थी उपस्थित रहे।