मृतका के भाई की तहरीर पर गीडा पुलिस ने पति व सास पर दर्ज किया हत्या का केस
18 वर्ष पूर्व मृत विवाहिता की बरहुआ गांव में हुई थी शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
पिपरौली (गाेरखपुर)। गीडा क्षेत्र के बरहुआ गांव में विवाहिता की मारपीट के बाद रस्सी से गला कसकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। मायके वालों की तहरीर पर गीडा पुलिस ने आरोपी पति एवं सास के खिलाफ हत्या और आपराधिक षड्यंत्र रचने का केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
संतकबीरनगर जिले के महुली क्षेत्र के भिटकिनी गांव निवासी महेंद्र पुत्र राजमन ने गीडा पुलिस को तहरीह दी है। उन्होंने लिखा है कि उनकी 40 वर्षीय बहन होसिला की शादी 18 वर्ष पूर्व गीडा क्षेत्र के बरहुआ गांव निवासी बबलू पुत्र रामसेवक के साथ हुई थी। शादी के बाद दो लड़की व एक लड़का हुआ। आरोप लगाया है कि पति बबलू उसे प्रताड़ित करता था। मंगलवार की सुबह करीब 6.30 बजे बबलू ने मोबाइल पर फोन कर बहन के गिरकर मौत की सूचना दी। वह तत्काल बहन के ससुराल पहुंचे।
ससुराल पक्ष के लोग शव को दाह संस्कार करने की तैयारी कर चुके थे। उन्होंने कफन हटाकर देखा तो बहन के गले पर रस्सी से कसने का निशान व अन्य जगह चोट नजर आई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गीडा थाना के एसओ मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मृतक महिला के पति बबलू एवं सास बांसमति के खिलाफ हत्या एवं आपराधिक षड्यंत्र का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।